HomeUncategorizedखाटू श्याम का दरबार बनेगा सनातन धर्म इंटर कॉलेज का पंडाल, स्थापित...

खाटू श्याम का दरबार बनेगा सनातन धर्म इंटर कॉलेज का पंडाल, स्थापित होगी सबसे ऊंची प्रतिमा, रक्तबीज वध का होगा इलेक्ट्रॉनिक मंचन, आश्चर्य से भर उठेंगे श्रद्धालु

चीफ एडिटर : अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो चीफ : रोहित चौरसिया

वाराणसी: नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में इस बार दुर्गा पूजा पंडाल को बेहद अनोखे और भव्य अंदाज में सजाया गया है। यहां खाटू श्याम मंदिर का भव्य दरबार तैयार किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं और दर्शकों में खासा उत्साह है। यह आयोजन दुर्गा पूजा समिति का 45वां वर्ष है और हर साल की तरह इस बार भी चार दिनों तक श्रद्धालु यहां दर्शन कर सकेंगे।

इस खास पंडाल को सजाने के लिए बंगाल और मुंबई से आए कलाकार लगभग एक महीने से तैयारी में जुटे हुए हैं। पंडाल की सबसे बड़ी विशेषता है इलेक्ट्रॉनिक मूर्तियां, जो श्रद्धालुओं के सामने पांच मिनट का विशेष शो पेश करेंगी। इस शो की रिकॉर्डिंग मुंबई से कराई गई है और इसे पहली बार देखने का अवसर श्रद्धालुओं को मिलेगा।

महासचिव मुकेश जायसवाल ने बताया कि इस बार सम्पूर्ण अर्धनारिश्वर स्वरूप की 25 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित की जा रही है, जो प्रदेश की सबसे बड़ी प्रतिमा होगी। इसके अलावा श्रद्धालु पहली बार रक्तबीज राक्षस और मां काली का अद्भुत दृश्य देखेंगे। शो में दिखाया जाएगा कि कैसे रक्तबीज की हर बूंद से हजारों असुर उत्पन्न होते थे और मां काली दौड़कर उसका वध करती हैं। इस दौरान शिव जी, मां काली को शांत करते हुए नजर आएंगे। पहली बार ब्रह्मा जी की झांकी भी पंडाल में दर्शकों के सामने होगी।

समिति के अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडाल में सीसी-टीवी कैमरे, वॉलिंटियर, लेडीज बाउंसर और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की गई है। महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं, साथ ही इमरजेंसी एंट्री और एग्जिट की भी व्यवस्था की गई है।

पंडाल की भव्यता और तकनीकी प्रस्तुति को देखते हुए यह आयोजन इस बार का सबसे बड़ा आकर्षण बन गया है। श्रद्धालु यहां खाटू श्याम बाबा और माता दुर्गा के भव्य स्वरूप के दर्शन कर भक्ति और आनंद का अनुभव करेंगे। दशमी तक यह पंडाल खुला रहेगा और भक्त इस दौरान यहां आकर दर्शन कर सकेंगे।नई सड़क का यह पंडाल इस बार न सिर्फ कलात्मकता बल्कि तकनीकी नवाचार का भी अद्भुत संगम पेश करेगा, जो श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव साबित होगा।।।

RELATED ARTICLES

Most Popular