चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ – प्रदीप साह

वाराणसी में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के अटल इन्क्यूबेशन सेंटर-एमएफआईई-आईएम-बीएचयू की ओर से शुक्रवार को स्वतंत्रता भवन में ‘भारत इनोवेशन कॉन्क्लेव 2.0’ की शुरुआत हुई। दो दिवसीय कॉन्क्लेव 18 और 19 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है।
इसमें देश के नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े संस्थापक, मेंटर, विशेषज्ञ और संस्थागत प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता से जुड़े विचारों को मंच देना और युवाओं व नवोन्मेषकों को नए विचारों एवं तकनीक पर काम करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कुलपति ने नवाचार को समाज तक पहुंचाने पर दिया जोर
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने नवाचार और स्टार्टअप से जुड़े विषयों पर विचार साझा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों में विकसित नए विचारों को प्रयोगशाला से समाज और बाजार तक पहुंचाने के लिए मजबूत इन्क्यूबेशन व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने युवाओं से समस्याओं के समाधान पर आधारित विचारों के साथ उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
स्टार्टअप संस्थापकों और विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
कॉन्क्लेव में विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे स्टार्टअप संस्थापक, मेंटर और नवोन्मेषक अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। नवाचार, उद्यमिता, तकनीक और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े विषयों पर संवाद और विचार-विमर्श भी हो रहा है। आयोजकों के अनुसार, कॉन्क्लेव का उद्देश्य काशी में विकसित हो रही नवाचार संस्कृति और देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को एक मंच पर लाना है।




