चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

वराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव में गुरुवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में बाइक सवार का साथी घायल हो गया, जबकि ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतक की पहचान जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के रेहटी गांव निवासी रमेश राजभर (50) के रूप में हुई है। वह अपने पट्टीदार धर्मेंद्र राजभर (44) के साथ मीराशाह का मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे अमूल फैक्ट्री के सामने करखियाव के पास रमेश के मोबाइल पर फोन आया।
फोन पर बात करने के बाद जब वह मोबाइल जेब में रख रहे थे, तभी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। संतुलन बिगड़ने से रमेश और धर्मेंद्र दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने रमेश को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। धर्मेंद्र सड़क की पटरी की ओर गिरे, जिससे उन्हें हाथ-पैर में हल्की चोटें आईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पीएचसी पिंडरा ले गई। वहां चिकित्सकों ने रमेश राजभर को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही रमेश के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
रमेश राजभर पेशे से ट्रक चालक थे, जबकि धर्मेंद्र राजगीर मिस्त्री हैं। चौकी इंचार्ज अमित पांडेय ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।



