चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रीक ब्यूरो – राकेश वलेचा

काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सातवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान आंदोलनरत छात्रों ने कुलपति और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के नाम रक्त-पत्र लिखकर अपनी मांगों की ओर प्रशासन और सरकार का ध्यान आकर्षित किया। छात्र अमन यादव ने अपने रक्त से पत्र लिखकर छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई।
विश्वविद्यालय प्रशासन को कोई जिम्मेदार बात करने नही आया – छात्र
अमन यादव ने कहा कि करीब तीन दशक से BHU में छात्रसंघ चुनाव नहीं होना विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व का गंभीर मुद्दा है। छात्रों की आवाज विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को उनका लोकतांत्रिक अधिकार वापस देने और छात्रसंघ चुनाव जल्द बहाल करने की मांग की।
छात्र नेता शिवांश सिंह ने कहा कि सात दिनों से जारी अनिश्चितकालीन धरना इस बात का प्रमाण है कि छात्रसंघ बहाली की मांग विद्यार्थियों की एकजुट आवाज बन चुकी है। रक्त-पत्र के माध्यम से छात्रों ने अपनी पीड़ा और मांगों को कुलपति और प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने का प्रयास किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार से इस मुद्दे पर ठोस निर्णय लेने की अपील की।




