चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र के सिंधिया घाट पर शनिवार दोपहर गंगा में नहाने के दौरान बिहार निवासी 18 वर्षीय गौतम की डूबने से मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ बनारस घूमने आया था।
हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। करीब दो घंटे की तलाश के बाद एनडीआरएफ की टीम ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला।
अब पढ़िए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, गौतम शनिवार दोपहर करीब तीन बजे अपने दोस्तों के साथ सिंधिया घाट पर नहाने पहुंचा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
दो घंटे बाद मिला शव
सूचना पर चौक थाने की पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गंगा में युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गौतम को बाहर निकाला गया। उसे तत्काल कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को अस्पताल की मर्चरी में रखवा दिया है और गौतम के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। परिजनों के वाराणसी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। हादसे के बाद गौतम के साथ आए दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है।



