चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
मण्डल ब्यूरो – चन्दन रंजीत यादव

वाराणसी में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी 9 सितंबर दिन बुधवार को वाराणसी के रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र से 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ करेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पोषण मंत्री बेबी रानी मौर्य समेत केंद्र व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और लाभार्थी शामिल होंगे। इस वर्ष पोषण माह की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है।
आंगनवाड़ी केंद्रों को सामुदायिक भागीदारी का केंद्र बनाने पर जोर
अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों और महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा के लिए सामुदायिक भागीदारी के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। पोषण माह में आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, ताजा गर्म पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा प्रारंभिक बाल विकास पर विशेष जोर रहेगा। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 10 वर्ष पूरे होने को भी अभियान के प्रमुख विषयों में शामिल किया गया है।
पोषण मेले से लेकर बच्चों के विकास की होगी निगरानी
अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर स्थानीय और किफायती खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन, पोषण मेले और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। मोटे अनाज, दाल और मौसमी सब्जियों से तैयार गर्म भोजन को बढ़ावा दिया जाएगा। अभिभावकों, पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों और आंगनवाड़ी प्रबंधन समितियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रत्येक केंद्र पर समिति की कम से कम एक बैठक और पूरक पोषण कार्यक्रम का मेनू बोर्ड प्रदर्शित किया जाएगा। 0 से 3 वर्ष के बच्चों के विकासात्मक पड़ावों की पहचान व रिकॉर्डिंग के साथ जरूरतमंद बच्चों को स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से रेफरल सुविधा मिलेगी। वहीं 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित गतिविधियों और प्रारंभिक शिक्षा पर जोर रहेगा।




