चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ – प्रदीप साह

शिक्षक दिवस के मौके पर वाराणसी वन विभाग ने शनिवार दोपहर लगभग 12 बजे ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान चलाया। इस अभियान के तहत सेवा भारती विद्यालय परिसर और रघुनाथपुर संपर्क मार्ग पर पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में करीब 2,500 पौधे लगाए गए। इनमें शीशम, सागौन, महुआ, अर्जुन, नीम और कटहल के पौधे शामिल थे। इस मौके पर वन विभाग के रेंजर राजकुमार गौतम ने बताया कि इस अभियान में अलग-अलग तरह के करीब 2,500 पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

पर्यावरण एक्सपर्ट अनिल सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ लगाना सच्ची गुरु दक्षिणा है। हर व्यक्ति को एक पौधा लगाकर उसकी बच्चों की तरह देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पानी बचेगा, तभी पौधों का संरक्षण संभव है।
कार्यक्रम के खास मेहमान प्रवीण सिंह गौतम ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है। पौधारोपण और जल संरक्षण को लोगों का अभियान बनाकर पर्यावरण बचाने की दिशा में लगातार कोशिशें की जा रही हैं।

कार्यक्रम खत्म होने पर विद्यालय के बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। इसके जरिए उन्होंने लोगों को पौधारोपण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. अमरचंद ठाकुर, रेंजर राजकुमार गौतम, वैभव श्रीवास्तव, रणविजय मौर्य, संजय कुमार और अलका चौरसिया सहित कई लोग मौजूद थे।




