चीफ एडिटर – अमर नाथ साहू
रिपोर्ट – अभिषेक सोनकर

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के जर्मन अध्ययन विभाग के शोधार्थी आलोक उपाध्याय आगामी 11 सितंबर 2026 को वियतनाम स्थित Vietnamese-German University में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अकादमिक कार्यक्रम में शोध-पत्र प्रस्तुत करेंगे।
उनके साथ स्मृति राज भी इस मंच पर अपना शोध-पत्र प्रस्तुत करेंगी। आलोक उपाध्याय बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के जर्मन अध्ययन विभाग में शोधरत हैं। उनके शोध-निर्देशक डॉ. ओम प्रकाश हैं। प्रस्तुत किए जाने वाले शोध-पत्र में जर्मन भाषा शिक्षण के संदर्भ में प्रवासन, नस्लवाद, पहचान एवं सामाजिक-सांस्कृतिक अपनत्व जैसे समसामयिक विषयों पर चर्चा की जाएगी।
शोध-पत्र में विद्यार्थियों के बीच इन संवेदनशील विषयों को संवादात्मक एवं प्रभावी शिक्षण-पद्धतियों के माध्यम से प्रस्तुत करने तथा आलोचनात्मक चिंतन एवं अंतर-सांस्कृतिक समझ विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया है। आलोक उपाध्याय भभुआ, कैमूर के रहने वाले हैं। अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच पर शोध-पत्र प्रस्तुत करने के इस अवसर को उनके अकादमिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के साथ-साथ वे अपने गृह क्षेत्र भभुआ और कैमूर का भी प्रतिनिधित्व करेंगे। डॉ. ओम प्रकाश ने आलोक उपाध्याय एवं स्मृति राज को शोध-पत्र की प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मंच पर शोध प्रस्तुत करना उनके शोध-कार्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वहीं डॉ. सत्य प्रकाश ने भी दोनों शोधार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर उनके अकादमिक जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और उन्हें भविष्य में और बेहतर शोध के लिए प्रेरित करेगा।




