HomeUncategorizedवाराणसी में एग्जाम दिया, फिर भी एब्सेंट दिखाकर फेल किया...: विद्यापीठ में...

वाराणसी में एग्जाम दिया, फिर भी एब्सेंट दिखाकर फेल किया…: विद्यापीठ में धरने पर बैठे छात्र, कहा- एजेंसी सुधार के लिए पैसे मांग रही

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
क्राइम ब्यूरो – पंकज भाटिया

Oplus_16908288

वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में परीक्षा परिणाम की गड़बड़ियों से परेशान छात्रों ने शुक्रवार को परीक्षा भवन के सामने प्रदर्शन किया। आरोप है कि परीक्षा देने के बावजूद कई विद्यार्थियों को रिजल्ट में अनुपस्थित दिखाकर फेल कर दिया गया। इसके अलावा परिणाम में कई अन्य त्रुटियां भी सामने आई हैं। छात्रों का कहना है कि पहले प्रदर्शन के बाद तीन दिन में सुधार का आश्वासन मिला था, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी समस्या जस की तस है।

परीक्षा दी, फिर भी रिजल्ट में एब्सेंट

छात्र आयुष यादव ने बताया कि उन्होंने परीक्षा दी थी, लेकिन रिजल्ट में उन्हें अनुपस्थित दिखा दिया गया। उनका आरोप है कि ऐसी समस्या कई अन्य छात्रों के साथ भी हुई है। छात्र विश्वविद्यालय अधिकारियों और परीक्षा विभाग के चक्कर लगा रहे हैं।
धरने के बाद तीन दिन में सुधार का मिला था आश्वासन

छात्रों ने बताया कि इससे पहले भी रिजल्ट की गड़बड़ियों को लेकर प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान तीन दिन के भीतर त्रुटियां ठीक करने का आश्वासन दिया गया था। छात्रों का आरोप है कि तय समय सीमा बीतने के बाद भी जिन विद्यार्थियों को परीक्षा देने के बावजूद अनुपस्थित दिखाया गया था, उनके परिणाम में सुधार नहीं किया गया। इसके चलते छात्र लगातार परीक्षा विभाग के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
एजेंसी पर पैसे लेकर रिजल्ट सुधारने का आरोप

छात्र शिवम ने कहा कि एजेंसी विश्वविद्यालय परिसर के बाहर से काम कर रही है और कुछ लोगों के माध्यम से पैसे लेकर फर्जी तरीके से रिजल्ट बनाने और उसे सुधारने का काम किया जा रहा है।

मामले में विश्वविद्यालय के अधिकारियों को साक्ष्य के साथ शिकायत दे चुके हैं। हालांकि, इन आरोपों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
एजेंसी को विश्वविद्यालय परिसर में लाकर काम कराने की मांग

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मांग की कि परीक्षा से जुड़े काम देख रही एजेंसी को विश्वविद्यालय परिसर में रहकर काम करना चाहिए। छात्रों का कहना है कि इससे कामकाज में पारदर्शिता रहेगी और किसी भी गड़बड़ी की जिम्मेदारी तय की जा सकेगी।

उन्होंने मांग की कि रिजल्ट में जिन छात्रों की त्रुटियां हैं, उन्हें तत्काल ठीक किया जाए। साथ ही एजेंसी पर लगाए गए आरोपों की जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

समाधान नहीं हुआ तो करेंगे अनिश्चितकालीन धरना

छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही रिजल्ट की गड़बड़ियां दूर नहीं की गईं तो उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। छात्रों ने कहा कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे विश्वविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना देंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular