HomeUncategorizedवाराणसी में 2 अवैध गेस्ट हाउस सील: विजयानगरम मार्केट की दुकान के...

वाराणसी में 2 अवैध गेस्ट हाउस सील: विजयानगरम मार्केट की दुकान के ऊपर चल रहे थे, नगर निगम ने की कार्रवाई

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
यूपी हेड – अजय लखमानी

Oplus_16908288

वाराणसी में कैंट रेलवे स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट में नगर निगम ने अवैध रूप से संचालित दो गेस्ट हाउस को सील कर दिया। दोनों गेस्ट हाउस नगर निगम की ओर से आवंटित दुकान संख्या 50 और 68 के ऊपरी तल पर बिना अनुमति बनाए गए थे। मामले में संचालक पक्ष हाईकोर्ट पहुंचा था, लेकिन नगर आयुक्त स्तर से प्रत्यावेदन खारिज होने के बाद कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया। गुरुवार शाम नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और दोनों गेस्ट हाउस को सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान मार्केट में बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग जुट गए। गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों को महिला पुलिसकर्मियों की मदद से बाहर निकाला गया। नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान आसपास सड़क पर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया। अभियान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के नेतृत्व में चलाया गया।
40 साल पहले आवंटित हुई थीं 90 दुकानें

अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि करीब 40 साल पहले नगर निगम ने कैंट स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट में लगभग 90 दुकानें आवंटित की थीं। आरोप है कि कई दुकानदारों ने निगम की अनुमति के बिना दुकानों के ऊपर दूसरी मंजिल का निर्माण करा लिया।

कुछ मामलों में दुकानों का इस्तेमाल बंद कर ऊपरी हिस्से में होटल और लॉज जैसी व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दी गईं। इसी क्रम में दुकान संख्या 50 और 68 भी नगर निगम की ओर से किराए पर आवंटित थीं। आरोप है कि इन्हें नियमों के विपरीत तीसरी पार्टी को सिकमी के तौर पर दे दिया गया और ऊपरी हिस्से में बिना स्वीकृति गेस्ट हाउस का निर्माण करा दिया गया।
नोटिस के बाद हाईकोर्ट पहुंचे थे संचालक

अमित कुमार के मुताबिक मामला संज्ञान में आने के बाद नगर निगम ने पहले ही नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। नोटिस के बाद संबंधित पक्ष कानूनी राहत के लिए हाईकोर्ट पहुंचा। कोर्ट ने निर्देश दिया था कि पक्षकार के प्रत्यावेदन का निस्तारण होने तक निगम कोई दंडात्मक कार्रवाई न करे। इसके बाद मामले में सुनवाई चलती रही और नगर निगम की ओर से प्रभावी पैरवी की गई।
प्रत्यावेदन खारिज होते ही सीलिंग

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर आयुक्त स्तर से संबंधित प्रत्यावेदन को नियमों के तहत खारिज कर दिया गया। इसके बाद कार्रवाई में कानूनी बाधा नहीं रही। गुरुवार को नगर निगम की प्रवर्तन टीम पुलिस बल के साथ विजयानगरम मार्केट पहुंची और दुकान संख्या 50 और 68 के ऊपरी हिस्से में संचालित दोनों गेस्ट हाउस को सील कर दिया।

सड़क से भी हटाया गया अतिक्रमण

सीलिंग की कार्रवाई के साथ नगर निगम ने मार्केट के आसपास सड़क पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया। सड़क किनारे लगे अवैध ठेले-खोमचे और अन्य कब्जे हटवाए गए। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों की भीड़ मौके पर मौजूद रही। नगर निगम अधिकारियों के साथ गेस्ट हाउस संचालक पक्ष के वकील भी मौके पर पहुंचे।

Oplus_16908288
RELATED ARTICLES

Most Popular