चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
डिस्ट्रिक ब्यूरो – राकेश वलेचा

वाराणसी के हुकूलगंज में परचून की दुकान से अवैध शराब बिक्री का आबकारी विभाग ने खुलासा किया है। टीम ने ग्राहक बनाकर पहले शराब खरीदी। दुकानदार के बोतल थमाते ही टीम ने दुकान पर छापा मार दिया। तलाशी में कंटेनर के अंदर छिपाकर रखी विंडीज लाइम ब्रांड की 70 बोतल शराब बरामद हुई। टीम ने दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया।
आबकारी निरीक्षक सेक्टर-3 लक्ष्मी शंकर बाजपेई के अनुसार, हुकूलगंज स्थित रामजी डेंटर वाली गली में भोले बाबा कुआं के पास जनरल स्टोर में अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद टीम ने दुकान पर निगरानी शुरू की।
ग्राहक बनकर पहुंचा कांस्टेबल
शुक्रवार दोपहर आबकारी टीम ने एक कांस्टेबल को ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा। कांस्टेबल ने दुकानदार से शराब मांगी। दुकानदार ने जैसे ही शराब की बोतल उसे दी, टीम ने तत्काल दुकान पर छापा मार दिया।
तलाशी के दौरान दुकान में रखे एक कंटेनर से 70 बोतल शराब बरामद हुईं। इसके बाद दुकानदार को हिरासत में ले लिया गया।
15 अगस्त की बंदी के लिए जमा की थी शराब
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार गुप्ता उर्फ डब्बू पुत्र राधेश्याम, निवासी हुकूलगंज, भोले बाबा का कुआं, थाना लालपुर पांडेयपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। आबकारी विभाग के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने कई दिनों से दुकान से शराब बेचने की बात स्वीकार की। उसने 15 अगस्त की बंदी के दौरान बिक्री के लिए भी शराब जमा कर रखी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, परचून की दुकान से शराब बिक्री की शिकायतें पहले भी की गई थीं। कार्रवाई न होने पर लोगों ने आबकारी विभाग से शिकायत की थी।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत लालपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। टीम में आबकारी निरीक्षक लक्ष्मी शंकर वाजपेई के साथ विनीत कुमार शुक्ला, अफजल सिद्दीकी, अर्चना, सिराजुद्दीन खान, मनोज कुमार पटेल, अखिलेश कुमार यादव और अजीत सिंह यादव शामिल रहे।



