HomeUncategorizedवाराणसी में ADCP ने छात्राओं को किया जागरूक: स्कूल में महिला सुरक्षा...

वाराणसी में ADCP ने छात्राओं को किया जागरूक: स्कूल में महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ़ – प्रदीप साह

वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के जलालपुर स्थित महर्षि संदीपनी पब्लिक स्कूल में रविवार दोपहर ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव पर चर्चा की गई। गोमती जोन के एडीसीपी नृपेंद्र और विद्यालय के प्रबंधक जितेंद्र सिंह सहित सैकड़ों छात्राओं ने इसमें भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। एडीसीपी नृपेंद्र ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने छात्राओं से किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना संकोच पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया।
एडीसीपी ने महिला सुरक्षा के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की जानकारी भी दी। उन्होंने छात्राओं को साइबर अपराध के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि अनजान लोगों के साथ ओटीपी, बैंक खाते, एटीएम या डेबिट कार्ड से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें।
उन्होंने सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने को कहा। एडीसीपी ने यह भी बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

विद्यालय के प्रबंधक जितेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि छात्राओं के लिए शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों, सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति जागरूक होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।

इस जागरूकता कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं, महिला हेल्पलाइन, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं ने महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने संतोषजनक जवाब दिया।

कार्यक्रम के अंत में एडीसीपी नृपेंद्र ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular