HomeUncategorizedदहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप: चौबेपुर में पति...

दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप: चौबेपुर में पति समेत 7 पर केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

चीफ़ एडिटर – अमर नाथ साहू
ब्यूरो चीफ़ – प्रदीप साह

Oplus_16908288

वाराणसी कमिश्नरेट के चौबेपुर थाने में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर पति समेत ससुराल के सात लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, मिर्जापुर के कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित
ब्रह्मचारी का कुआं निवासी नितिशा विक्रम सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उनका विवाह 9 मई 2022 को चौबेपुर थाना क्षेत्र के रामपुर ढाब (रामचन्दीपुर) निवासी मोहित सिंह के साथ हुआ था। विवाह में परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार सोने-चांदी के जेवरात, एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन समेत अन्य घरेलू सामान और कार के लिए छह लाख रुपए नकद दिए थे।

पीड़िता का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज का ताना देकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिलने पर आरोपी दो लाख रुपये अतिरिक्त नगद की मांग कर रहे थे। पीड़िता ने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही।

एफआईआर के मुताबिक, जुलाई 2025 में आरोपियों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे बच्चे सहित घर से निकाल दिया और उसका स्त्रीधन भी अपने पास रख लिया। वहीं दिसंबर 2025 में मायके पहुंचकर दो लाख रुपये नहीं देने पर तलाक कर दूसरी शादी कराने की धमकी दी।
चौबेपुर पुलिस ने पति मोहित सिंह, ससुर विपिन सिंह, सास सुजाता सिंह, देवर रोहित सिंह, ननद मधु सिंह, दादा ससुर अमरनाथ सिंह और चचिया ससुर दिलीप सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 85, 115(2), 352, 296 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular