HomeUncategorizedबंद मकान में हुई 15 लाख की चोरी का खुलासा, चितईपुर पुलिस...

बंद मकान में हुई 15 लाख की चोरी का खुलासा, चितईपुर पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा

चीफ एडिटर अमर नाथ साहू

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की चितईपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, धार्मिक मूर्तियां, एक लेनोवो टैबलेट सहित करीब 15 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त जोन काशी, अपर पुलिस उपायुक्त जोन काशी तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चितईपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पुलिस के अनुसार 3 जून 2026 को एक व्यक्ति ने थाना चितईपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में 6 जून 2026 को सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आकाश पटेल (23 वर्ष) और अनुज साहनी (22 वर्ष) को प्रज्ञानगर कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, चांदी की मूर्तियां, पायल, बिछिया, सिक्के, कड़े, अंगूठियां, चांदी के बर्तन, एक लेनोवो टैबलेट तथा अन्य सामान बरामद किया गया। बरामद सामान की पहचान पीड़ित द्वारा अपने चोरी गए माल के रूप में की गई।

बरामद सामान में शामिल
सोने के झुमके, बाली, टॉप्स, अंगूठियां, चैन, हार और लॉकेट

चांदी की कटोरी एवं चम्मच

भगवान कृष्ण, लक्ष्मी और गणेश जी की चांदी की मूर्तियां
चांदी की पायल, बिछिया, सिक्के, कड़े एवं अन्य आभूषण
एक लेनोवो टैबलेट
अन्य आर्टिफिशियल ज्वैलरी

गिरफ्तार अभियुक्त

आकाश पटेल पुत्र महेंद्र कुमार पटेल, निवासी नासिरपुर, थाना चितईपुर, वाराणसी अनुज साहनी पुत्र मंगल प्रसाद साहनी, निवासी प्रज्ञानगर कॉलोनी, सुंदरपुर, थाना चितईपुर, वाराणसी
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक रवि चौहान सहित थाना चितईपुर एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की है। चितईपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अब अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular