ब्यूरो रिपोर्ट : रवि प्रताप आर्य

वाराणसी। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की खबर से सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन चेतगंज वाराणसी के अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। एसोसिएशन के
वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव ( एडवोकेट) की अध्यक्षता में शोक सभा का आयोजन किया गया।
- अधिवक्ताओं ने दी विनम्र श्रद्धांजलि
अधिवक्ताओं ने सभा के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान 2 मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रभु श्री राम से प्रार्थना की गई। वक्ताओं ने कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह न केवल एक कुशल प्रधानमंत्री थे, बल्कि एक महान अर्थशास्त्री भी थे। उन्होंने देश को आर्थिक सुधारों की नई दिशा दी और भारत को वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान दिलाई। उनके ऐतिहासिक निर्णयों ने देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई।”

डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को देश कभी नहीं भूलेगा
अधिवक्ताओं ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देश ने कई चुनौतियों का सामना किया और सफलता पाई। उन्होंने भारतीय राजनीति में सरलता और सेवा का आदर्श स्थापित किया। इस दुखद मौके पर सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्यों ने उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को देश कभी नहीं भूलेगा। उनकी सोच और निर्णय आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं और हमेशा रहेंगे।
ये लोग रहे मौजूद
इस दौरान अधिवक्ता उमाशंकर प्रसाद, आनंद मौर्य, अमित राय, विनयकांत मिश्रा, रामवंत सिंह व चंद्रेश सिंह सहित एसोसिएशन के अन्य अधिवक्ता सदस्य मौजूद रहे। सभा का संचालन सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के सचिव रामकृष्ण गुप्ता ने किया।