ब्यूरो चीफ : अमर नाथ साहू
रिपोर्ट : सत्यम् गुप्ता

वाराणसी: विकास प्राधिकरण की ओर से फातमान रोड स्थित उद्यान को “संगीत पार्क” के रूप में विकसित किया जा रहा है। उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने यहां चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता देखी। पार्क बनारस घराने के संगीत कलाकारों की उपलब्धियों को समर्पित होगा। यहां उस्ताद विस्मिल्ला खां की शहनाई का स्कल्पचर लगेगा। इसके अलावा अन्य तरह से सजावट की जाएगी।

यह पार्क वाराणसी के कलाकारों की स्मृतियों और उनकी कलात्मक उपलब्धियों को समर्पित होगा। यूनेस्को द्वारा वाराणसी को सिटी ऑफ म्यूजिक घोषित किया गया है। इस शहर ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खां जैसे विश्व प्रसिद्ध कलाकार दिए हैं। उनकी स्मृति में पार्क में एक भव्य शहनाई का स्कल्पचर स्थापित किया जाएगा।
संस्कृति और मनोरंजन का संगम…
पार्क में वाराणसी के विभिन्न कलाकारों की जानकारी प्रदान करने वाले साइनेज और पट्ट लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, एक अनूठा सेल्फी पॉइंट बनाया जाएगा, जहां आगंतुक मंच पर वाद्य यंत्रों के साथ बैठे होने का अनुभव कर सकेंगे।
शास्त्रीय कला की झलक…
पार्क में भारत के 8 प्रमुख शास्त्रीय नृत्यों की मूर्तियां भगवान नटराज की मूर्ति के साथ स्थापित की जाएंगी, जो भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करेंगी।
उच्चीकरण और सौंदर्यीकरण पर जोर…
उपाध्यक्ष ने परियोजना के वास्तुविद और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। यह पार्क स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए एक आकर्षण केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष के साथ परियोजना से जुड़े अधिकारी और वास्तुविद भी उपस्थित थे।।।